MI और CSK जैसी टीमों का हिस्सा रहे दिग्गज कीवी गेंदबाज़ को न्यूज़ीलैंड ने बनाया अपना गेंदबाज़ी कोच


जैकब ओरम न्यूजीलैंड और सीएसके के लिए खेल रहे हैं [X] जैकब ओरम न्यूजीलैंड और सीएसके के लिए खेल रहे हैं [X]

न्यूज़ीलैंड क्रिकेट (NZC) ने अपने खाली पड़े गेंदबाज़ी कोच के पद को भरने की घोषणा की है। पूर्व कीवी ऑलराउंडर जैकब ओरम ने यह पद संभाला है, जो पिछले साल नवंबर में शेन जुर्गेंसन का कार्यकाल समाप्त होने के बाद खाली पड़ा था। आधिकारिक घोषणा में कहा गया है कि ओरम आधिकारिक तौर पर 7 अक्टूबर, 2024 को पद संभालेंगे।

जैकब ओरम और उनका कोचिंग करियर

जैकब ओरम कोचिंग की भूमिका के लिए कोई अजनबी नहीं हैं। एक खिलाड़ी से कोच बनने का उनका सफ़र 2014 में न्यूज़ीलैंड A के साथ शुरू हुआ। इसके बाद उन्होंने 2018 में न्यूज़ीलैंड महिला टीम के गेंदबाज़ी कोच का पद संभाला और 2021 में ICC महिला विश्व कप के अंत तक इस भूमिका में रहे।

पिछली गर्मियों के दौरान, उन्होंने सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के मुख्य कोच की भूमिका निभाई और टीम को 2016 के बाद अपने पहले सुपर स्मैश फाइनल में पहुंचाया। ओरम ने अबू धाबी T10 लीग में नॉर्दर्न वॉरियर्स के सहायक कोच और SA20 में MI केप टाउन के गेंदबाज़ी कोच के रूप में भी काम किया है।

उल्लेखनीय है कि ओरम इससे पहले 2023 में बांग्लादेश के टेस्ट दौरे, फरवरी में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ घरेलू T20I सीरीज़ और हाल ही में खेले गए ICC T20 विश्व कप 2024 के दौरान गेंदबाज़ी कोच के रूप में पुरुष टीम के साथ रह चुके हैं।

जैकब ओरम का अंतर्राष्ट्रीय करियर

ओरम ने न्यूज़ीलैंड के लिए 33 टेस्ट, 160 वनडे और 36 T20 मैच खेले हैं। इन मैचों में ओरम ने क्रमशः 60, 173 और 19 विकेट लिए हैं।

जैकब एक बहुत ही प्रभावी और कुशल गेंदबाज़ होने के अलावा बल्ले से भी काफी उपयोगी रहे हैं। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 36.53 की औसत से 1,780 रन बनाए हैं, जिसमें पांच शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं। वनडे में उन्होंने एक शतक और 13 अर्द्धशतक के साथ 2,434 रन बनाए हैं और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में ओरम ने 139.82 की स्ट्राइक रेट से 474 रन बनाए हैं।

IPL में जैकब ओरम

न्यूज़ीलैंड के स्टार ऑलराउंडर खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग का भी हिस्सा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि ओरम मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स फ्रेंचाइज़ का हिस्सा रहे हैं। ओरम का IPL करियर का अधिकांश हिस्सा CSK फ्रेंचाइज़ में बीता है।

अपने IPL करियर में ओरम ने 18 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 8.84 की इकॉनमी से 9 विकेट लिए। उन्होंने 98.15 की स्ट्राइक रेट से 106 रन भी बनाए।


Discover more
Top Stories