[वीडियो] एक बार फिर धोनी पर हमलावर हुए युवराज के पिता योगराज सिंह


युवराज सिंह के पिता योगराज ने एमएस धोनी पर नया हमला बोला (X) युवराज सिंह के पिता योगराज ने एमएस धोनी पर नया हमला बोला (X)

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह ने एक बार फिर महेंद्र सिंह धोनी पर निशाना साधा है।

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान की लगातार आलोचना के लिए जाने जाने वाले योगराज की हालिया टिप्पणी ने विवाद पैदा कर दिया है।

योगराज सिंह ने साधा धोनी पर निशाना

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में योगराज सिंह ने भारत के 2024 T20 विश्व कप जीतने की ज़ोरदार वक़ालत की है और टीम की संभावित सफलता का श्रेय धोनी की ग़ैर हाज़िरी को दिया है।

योगराज ने बिना किसी लाग-लपेट के दावा किया कि IPL 2024 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की विफलता धोनी के युवराज से हाथ ना मिलाने के चलते हुई।

योगराज ने कहा, "एक भारतीय के तौर पर मैं चाहता हूं कि भारत जीते। भारत को अब विश्व कप जीतना चाहिए, क्योंकि अब एमएस धोनी नहीं हैं। पूरी दुनिया यही कह रही है। गौतम गंभीर और रोहित शर्मा भी यही कह रहे हैं। CSK IPL 2024 हार गई। वे क्यों हारे? यह आसान है- आप जो बोएंगे, वही काटेंगे। युवराज सिंह ICC के एंबेसडर हैं, उन्हें सलाम! और यह जलनखोर धोनी, वह कहां है? उसने युवराज से हाथ भी नहीं मिलाया, और यही कारण है कि इस साल CSK नाकाम रही।" 


ग़ौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब योगराज ने धोनी की आलोचना की है। इससे पहले भी उन्होंने धोनी पर विश्व कप 2019 के सेमीफाइनल में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ जानबूझकर खराब प्रदर्शन करने का आरोप लगाया था, ताकि कोई दूसरा कप्तान भारत के लिए विश्व कप ना जीत सके।

योगराज के मुताबिक़ रवींद्र जडेजा एक छोर पर बहुत साहस दिखा रहे थे और भारत को जीत के क़रीब ले जा रहे थे, लेकिन धोनी अपनी पूरी क्षमता से नहीं खेल पाए। अगर वे अपनी क्षमता का 40 प्रतिशत भी खेलते तो भारत 48वें ओवर में मैच जीत सकता था।

इसके अलावा, योगराज ने युवराज के जल्दी संन्यास लेने के लिए भी धोनी को ज़िम्मेदार ठहराया था और पूर्व कप्तान को कभी माफ़ नहीं करने की कसम खाई थी।

अपनी तीखी टिप्पणियों से योगराज ने एक बार फिर विवाद खड़ा कर दिया है, जिससे क्रिकेट प्रशंसकों और क्रिकेट एक्सपर्ट्स को उनके विवादास्पद दावों की आलोचना करनी पड़ रही है।


Discover more
Top Stories